परसपुर/करनैलगंज/बालपुर। रेक्सड़िया निवासी व्यापारी विनोद साहनी की तेरहवीं को लेकर बुधवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गांव जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया। इसी बीच सपा ने पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद किए जाने का दावा किया।
पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने प्रशासन पर हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पसका संवाद के अनुसार, सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह और पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे को भी उनके आवास पर रोके जाने का दावा किया गया। सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने भी नेताओं को कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया।
रेक्सड़िया में चप्पे-चप्पे पर पुलिस
शाहपुर बाजार से रेक्सड़िया जाने वाले मार्गों, कमियार मार्ग और गांव में पुलिस तैनात रही। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। शाहपुर बाजार के रेक्सड़िया मोड़ पर अग्निशमन वाहन भी लगाया गया। मृतक के घर पर पुलिस गारद के साथ शाहपुर चौकी प्रभारी निशा निषाद मौजूद रहीं। रेक्सड़िया मोड़ पर थानाध्यक्ष परसपुर कृष्ण गोपाल राय पुलिस बल के साथ डटे रहे।
मृतक के पिता अतारु लाल और परिजनों ने बताया कि दूरदराज और गैर जनपदों से आने वाले लोगों की पुलिस ने जांच की। पहचान पत्र देखने के बाद ही कई लोगों को गांव में प्रवेश दिया गया। परिजनों के अनुसार, पुलिस की सख्ती के कारण कुछ लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि किसी को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि सिर्फ सतर्कता के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि विनोद साहनी की मौत के मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
परिवार को दी 1.30 लाख रुपये की सहायता
तेरहवीं के दौरान विनोद साहनी के चित्र पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गोरखपुर से पहुंचे धर्मेंद्र साहनी, अनूप साहनी और राम सेवक ने मृतक के पुत्र राजा साहनी को एक लाख 20 हजार रुपये का चेक सौंपा। वहीं, अहमदाबाद से पहुंचे मोतीलाल निषाद ने 10 हजार रुपये की नकद सहायता दी। निषाद पार्टी महिला मोर्चा की नेता गीता निषाद समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भी विनोद साहनी को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने उनकी मौत को परिवार और समाज के लिए बड़ी क्षति बताया।
गोंडा के रेक्सड़िया गांव में विनोद साहनी के पुत्र राजा साहनी को चेक देते गोरखपुर के धर्मेंद्र स
गोंडा के रेक्सड़िया गांव में विनोद साहनी के पुत्र राजा साहनी को चेक देते गोरखपुर के धर्मेंद्र स