झंझरी। बहराइच रोड पर मिश्रौलिया पुलिस चौकी चौराहे के पास शुक्रवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार होमगार्ड जगजीवन यादव (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त जगजीवन नगर मजिस्ट्रेट के यहां ड्यूटी करने जा रहे थे।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडरी शंकर गांव निवासी अमरनाथ ने बताया कि उनके पिता जगजीवन यादव नगर की द्वितीय कंपनी में होमगार्ड पद पर कार्यरत थे। नगर मजिस्ट्रेट के साथ उनकी हमराही की ड्यूटी लगी थी। शुक्रवार सुबह वह घर से बाइक लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे। मिश्रौलिया चौकी चौराहे पर पेट्रोलियम डिपो की ओर से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक में साइड से टक्कर लग गई। इससे वह बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन तब तक मौत हो गई।
वहीं, हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। अमरनाथ ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट लगाए होने के बावजूद जगजीवन को बचाया नहीं जा सका। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
जगजीवन के परिवार में चार बेटे राम सिंह, राजकुमार, प्रेम व अमरनाथ के साथ ही पौत्र-पौत्रियों से भरा पूरा परिवार है। पत्नी का पांच साल पूर्व निधन हो चुका है। जगजीवन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाइकों की टक्कर में तीन घायल
मसकनवां। छपिया-बभनान मार्ग पर दीननगर के पास बृहस्पतिवार रात दो बाइकों की टक्कर हो गई। इससे एक बाइक पर सवार गनेश (25), विशाल (17) निवासी गायघाट व अमीरजा (24) निवासी भोरहा घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। (संवाद)