गोंडा। सरकार की ओर प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होगी। कोविड व नियमित टीकाकरण से वंचित लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का बेहतर प्रचार करवाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की योजना बनाई जाएगी। ये बातें जिले की नवागत सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद कही।
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने सबसे पहले सभी कक्षों व पटलों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य अधिकारियों व पटल प्रभारियों का परिचय जाना। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से संचालित सभी योजनाओं की स्थित की जानकारी देने के लिए पटल प्रभारियों को तलब किया। उन्होंने सभी अधिकारी, कर्मचारी व लिपिकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निष्ठापूर्वक निभाते हुए लोगों को पारदर्शी तरीके से स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन मरीजों को जांच, इलाज व दवाओं की सुविधा मिलनी चाहिए। कोरोना संक्रमण के संभावित चौथी लहर से निपटना हमारी प्राथमिकता होगी। कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेला, संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान, नियमित तथा कोविड टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।