टोरंटो में तिरंगा लहराते गोंडा के गुंजन भार्गव। - स्रोत: परिजन
नवाबगंज (गोंडा)। कनाडा के टोरंटो में टीसीएस ग्रुप द्वारा आयोजित हाफ मैराथन में कस्बा निवासी गुंजन ने तय समय से पहले दौड़ पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गुंजन के परिजनों का दावा है कि गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज हुआ है।
कस्बे की आभा भार्गव ने बताया कि बेटा गुंजन अमेरिका के न्यू जर्सी शहर में नौकरी करता है। बताया कि बीते 20 अक्तूबर को टोरंटो ओनटारियो में टीसीएस टोरंटो वाटरफ्रंट हाफ मैराथन आयोजित की गई थी। जिसमें गुंजन ने भारतीय वेशभूषा में धोती-कुर्ता पहनकर 21 किलोमीटर की दौड़ लगाई। दौड़ को तय समय से पहले एक घंटा 33 मिनट 16 सेकेंड में पूरा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। गुंजन के पिता रमाकांत भार्गव ने बताया कि 2008 में भारत से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बेटे ने फिलीपींस से एमबीए किया। इसके बाद अमेरिकन प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगे। गुंजन की पत्नी शिप्रा और बेटा युवान भी अच्छे धावक हैं। इस सफलता पर सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह सहित क्षेत्र के लोगों ने बधाई दी है।