गोंडा। जिले में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए 1.35 करोड़ रुपये से फर्नीचर की खरीद की जाएगी। इसके लिए पंचायतीराज विभाग की ओर से आपूर्ति के लिए फर्म नामित करने की कवायद शुरू की गई है। जल्द ही जिले के पंचायत भवन में युवाओं समेत अन्य को लाइब्रेरी की सुविधा दी जाएगी। उन्हें यहां किताबों के साथ ही हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा भी मुहैया होगी।
डीपीआरओ लालजी दूबे ने बताया कि रुपईडीह, झंझरी, इटियाथोक, बेलसर, करनैलगंज, कटरा बाजार, मुजेहना, बभनजोत, छपिया, तरबगंज, वजीरगंज, परसपुर, मनकापुर, हलधरमऊ, मनकापुर, मुजेहना और वजीरगंज आदि ब्लॉकों की कुल 194 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से बजट का आवंटन किया जा चुका है। वहीं, प्रत्येक लाइब्रेरी के लिए कुल 70 हजार रुपये से फर्नीचर की खरीद की जाएगी।
इस तरह कुल एक करोड़ 35 लाख और 80 हजार रुपये से फर्नीचर खरीदने के लिए फर्म को नामित करने की जरूरी प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे प्रत्येक लाइब्रेरी में स्टडी टेबल, कंप्यूटर टेबल, 13-13 कुर्सियां, किताबें समेत कुल 25 फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही लाइब्रेरी शुरू करने की तैयारी की गई है। यहां किताबों के साथ ही हाईस्पीड इंटरनेट आदि भी सुविधा दी जाएगी। जल्द से जल्द लाइब्रेरी शुरू करने के लिए अधिकारियों की ओर से सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।