गोंडा। आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्र आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 75वीं वर्षगांठ पर 24 रेलवे स्टेशनों पर 100 फीट का तिरंगा फहराने का फैसला लिया है। देवी पाटन मंडल के तीन रेलवे स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन की मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने बताया कि देश की आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने के लिए तैयारी की गई है। बताया कि देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच व बलरामपुर रेलवे स्टेशन के मुख्यालय पर 100 फीट का तिरंगा झंडा फहराने का निर्णय लिया है। साथ ही रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई के साथ सजावट आदि के निर्देश दिए गए हैं। संवाद