झंझरी। जानकीनगर क्षेत्र में सोमवार को टूटे हाईटेंशन (एचटी) बिजली तार की चपेट में आने से एक भैंस, एक गाय, एक बछड़ा और एक सांड़ की मौत हो गई। पूर्व प्रधान शिव बहादुर पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे एचटी लाइन का तार टूटने की सूचना अवर अभियंता को दी गई थी।
इसके बावजूद दोपहर तक न तो तार दुरुस्त कराया गया और न ही स्थिति पूरी तरह सुरक्षित की गई। बाद में बिजली आपूर्ति शुरू होने पर टूटे तार में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में सबसे पहले पटेलनगर निवासी बहादुर की भैंस समेत चार पशुओं की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
अवर अभियंता जय प्रकाश नारायण ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई थी। मिश्रौलिया चौकी प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।