गोंडा। पूरे अहलाद गांव के रहने वाले एक युवक की बेशकीमती जमीन कुछ लोगों ने जबरन अपने नाम लिखा ली। जमीन का बैनामा कराने वालों ने उसकी कीमत भी नहीं दी। जब उसने रुपये मांगे तो 20 हजार रुपये देकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। गुरुवार सुबह युवक का शव सम्मय थान के पास फंदे से लटकता मिला। युवक के चाचा ने एसपी से शिकायत करके एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के पूरे अहलाद अमदही के रहने वाले कपिलदेव सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि उसका भतीजा विवेक सिंह बुधवार को घर पहुंचा और रोते हुए बताया कि पूरे प्रगास बेलई पकड़ी बाजार के रहने वाले पांच लोगों ने मिलकर जबरन उसकी सारी जमीन का बैनामा करा लिया और उसे रुपये भी नहीं दिए।
जब वह रुपये मांगने गया तो उसे सिर्फ 20 हजार रुपये ही दिए। और रुपये मांगने पर उसे पीटा व जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। कपिलदेव सिंह के मुुताबिक बैनामा कराने वालों के डर से उनका भतीजा गांव के सम्मय स्थान पर सोने की बात बताकर घर से निकल गया। इसके बाद वह भी जिला मुख्यालय स्थित अपने घर चले गये।
देर रात गांव से एक व्यक्ति ने फोन करके बताया विवेक का शव सम्मय स्थान के पास पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला है। कपिलदेव सिंह ने भतीजे की हत्या की आशंका जताते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी आकाश तोमर ने प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।