रोडवेज के कार्यशाला एवं चीनी मिलों के साथ-साथ लघु उद्योगों की कार्यशालाओं में विश्वकर्मा जयंती पर तमाम कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
धर्म ग्रंथों के अनुसार भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का रचनाकार माना गया है। मान्यता है कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बना कार्यशालाओं का सफल हो पाना संभव नहीं है। इसी मान्यता के अनुरूप गुरुवार को विश्वकर्मा समाज के साथ-साथ लघु उद्यमियों ने भी विश्वकर्मा जयंती पर पूजा-अर्चना करके उनसे सुख-समृद्धि एवं उन्नति का आशीर्वाद मांगा।
रोडवेज स्थित कार्यशाला में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा रखकर कर्मियों ने विधि-विधान के साथ उनकी पूजा-अर्चना की। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। विश्वकर्मा भगवान मंदिर नौवाबाग में भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गोंडा रोड स्थित लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता सुग्रीवराम, कन्हैया लाल, सुशील कुमार, कृष्ण कुमार केके गुप्ता ने भगवान विश्वकर्मा व संयंत्रों की विधिविधान से पूजा अर्चना की। हवन पूजन के बाद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
बलरामपुर चीनी मिल, तुलसीपुर चीनी मिल एवं बजाज चीनी मिल इटई मैदा में भी भगवान विश्वकर्मा की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विश्वकर्मा समाज के लोगों ने घरों में भी विश्वकर्मा जयंती पर उनकी पूजा अर्चना कर परिवार व समाज के विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।