फोटो- 21- गोंडा के विस चुनाव के मतगणना स्थल नवीन गल्ला मंडी का निरीक्षण करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। विधानसभा चुनाव में मतों की गणना दस मार्च को होनी है। इसकी तैयारी पूरी हो रही है। पहले गणना के बाद प्रपत्र पर गणना कर्मी मतों का विवरण देते थे, फिर गणना पर्यवेक्षक उसी गणना को सत्यापित कर निर्वाचन अधिकारी को देते थे। इसके बाद आयोग की वेबसाइट पर फीड किया जाता था। इस बार गणना कर्मी सीधे इनकोर एप पर फीड करेंगे, और तत्काल सभी अधिकारियों व आयोग तक सूचना पहुंच जाएगी। हर चक्र का ऐसे ही होगा। काफी समय की बचत होगी। माना जा रहा है कि पांच घंटे में मतगणना पूरी हो जाएगी।
नवीन गल्लामंडी में मतगणना की तैयारियां पूरी की गई हैं। तैयारियों का निरीक्षण डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार, एसपी संतोष कुमार मिश्र, सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने किया। उन्होंने हो रही तैयारियों को परखा और व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। मतगणना में विधानसभा के लिए 14 टेबल तैयार हो रहीं हैं। हर काउंटर पर चार-चार कर्मचारी होंगे। मतगणना स्थल पर दो आरओ टेबल होंगी जहां चार चार कर्मी होंगे। हर विधान सभा में 74 के करीब कार्मिक भी रहेंगे। पोस्टल बैलेट की गणना होगी, पांच हजार से अधिक मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया हैं। बाहर तैनात कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट भी गिनती के लिए अलग कार्मिक होंगे।
विस. चुनाव के परिणाम में देरी न हो, इसके लिए आयोग की ओर से एप की मदद ली जा रही है। नए सॉफ्टवेयर इनकोर के जरिए ईवीएम में पड़े मतों की गिनती की जाएगी। सॉफ्टवेयर में मतगणना के समय ही नतीजे दर्ज करने की व्यवस्था है। सभी विधानसभा के रिटर्निंग अफसरों और सहायक रिटर्निंग अफसरों को इसका प्रशिक्षण दिया जा चुका है। चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं इसी सॉफ्टवेयर के जरिए ही हर स्तर पर जाती रहेंगी। प्रत्येक टेबल से इसी सॉफ्टवेयर में नतीजे दर्ज होते जाएंगे। मतगणना स्थल की प्रत्येक गतिविधि निर्वाचन आयोग के कंप्यूटरों पर दर्ज होती रहेगी। बताया जा रहा है कि इससे कम समय में गणना पूरी हो जाएगी। माना जा रहा है कि इस बार चार से पांच घंटे में गणना पूरी हो जाएगी।
मतगणना के तैयारियों हो रही हैं। जिलाधिकारी के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया गया है। बेहतर व्यवस्था तैयार करने के लिए अधिकारियों को लगाया गया है। शशांक त्रिपाठी, सीडीओ
अधिग्रहीत वाहनों के मालिकों से मांगा ब्यौरा
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में प्रयोग किए गए सभी निजी हल्के एवं भारी वाहन स्वामियों से ब्यौरा मांगा है। किराये-भाड़े का भुगतान उनके बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से किया जाना है। इसलिए जिनके वाहन विधानसभा निर्वाचन -2022 में प्रयोग किए गए हैं, वे अपने बैंक खाते की पासबुक या कैंसल चेक छाया प्रति व लॉगबुक जिसमें वाहन में लिए गए तेल एवं तय की गई दूरी का विवरण हो। एडीएम ने बताया कि अवमुक्त प्रमाणपत्र संलग्न कर हल्के एवं भारी वाहनों के अवमुक्ति के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय (एआरटीओ ऑफिस) के कार्यालय में आगामी 10 मार्च तक हर हाल मे जमा कर दें। इसके बाद उनके किराए भाड़े का भुगतान किया जाना संभव नहीं होगा।