गोंडा। कोरोना संकट में कमी आने पर पांच माह बाद एक बार फिर से स्कूल खुले। बुधवार की सुबह स्कूलों में बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। स्कूल में बच्चों को रोली चंदन लगाकर स्वागत किया गया और पढ़ाई शुरू कराई। बच्चों को साफ-सफाई के साथ कोविड से बचाव के तरीके बताए गए।
बीएसए विनय मोहन वन ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि पढ़ाई में नए प्रयोगों को शामिल करें और जो पढ़ाई पिछड़ गई है उसे भी पूरा कराने का प्रयास करें। स्कूलों में खंड शिक्षा अधिकारियों ने पहुंचकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। हालांकि बारिश के चलते जिले के कई गांवों में जलभराव की स्थिति रही, कई स्कूलों में भी जलभराव रहा। इससे भी शिक्षक और छात्र जूझते नजर आए।
बुधवार की सुबह कटरा बाजार में नौनिहालों के विद्यालय पहुंचने पर स्वागत के साथ उत्साहवर्धन किया गया। प्राथमिक विद्यालय बाबूपुर में प्रधान प्रतिनिधि अमर शुक्ला व प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष वर्मा ने सभी छात्रों को मास्क वितरण करके रोली चंदन लगाकर और माला पहनाकर उत्साहवर्धन किया।
सहायक अध्यापक अरविंद कुमार, शिक्षा मित्र अवधेश कुमार शुक्ल, सफाई कर्मी ज्ञानेश पांडेय सहित नौनिहाल उपस्थित रहे। रूपईडीह के कम्पोजिट विद्यालय मल्लापुर में प्रधानाध्यापक मनीराम, सहायक अध्यापिका पूनम द्विवेदी, नेहा गुप्ता, प्रियंका, शिक्षा मित्र प्रदुम्न नरायण शुक्ल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पुरे दत्तई में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बच्चों को प्रवेश दिया गया। प्रधानाध्यापक रामायण मिश्रा ने बताया 71 पंजीकृत छात्रों में 40 उपस्थित हैं। माडल प्राइमरी स्कूल कटरा बाजार प्रधानाध्यापक साकेत मिश्रा, सहायक अरविंद यादव, अनुज, शिक्षा मित्र श्याम प्रकाश तिवारी रहे।
वजीरगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दुर्जनपुर घाट में विज्ञान एआरपी चंदेश्वर प्रसाद ने विद्यालय खुलने के बाद सुखवा प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय दुर्जनपुर घाट द्वितीय में शैक्षणिक मार्गदर्शन का कार्य किया।
विद्यालय खुलने के बाद तैनात अध्यापक आयशा जमाल, साधना कनौजिया, राम छत्तर शर्मा ने स्वागत करते हुए शीघ्र ही प्रेरणा लक्ष्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।
बेलसर में कंपोजिट विद्यालय पूरे मोहन में बच्चों का स्वागतोत्सव मनाया गया। मंत्री प्राथमिक शिक्षक संघ बेलसर एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार चौहान ने अभिभावकों के साथ एक बैठक की और कहा की लगभग डेढ़ वर्षों में बच्चों का काफी नुकसान हो गया है।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुधीर सिंह, रंजना द्विवेदी, पुष्पा चौहान, ममता श्रीवास्तव, शिक्षामित्र अभिभावकों में हरिबंश, मल्हू, अवधेश दुबे, चन्द्र पता, माला, शिवकली, जनकदुलारी आदि उपस्थित थे।
माडल प्राइमरी स्कूल, कटरा बाजार का विद्यालय नगर पंचायत कटरा में स्थित है। माडल स्कूल वीरपुर गांव पंचायत से संचालित किया जा रहा है। विद्यालय की छत जर्जर होने व प्लास्टर टूट कर गिरता है। जिससे कभी भी बच्चों व शिक्षकों के साथ कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।
पांच माह बाद स्कूल खुलने की खुशी बच्चों के चेहरे पर साफ नजर आई। पांच माह के लंबे अंतराल के बाद बच्चे स्कूल पहुंचे तो उनके चेहरे पर उत्साह दिखायी दिया। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त देखने को मिला।
मुजेहना के कंपोजिट स्कूल, धानेपुर में स्कूल आने वाले बच्चों को सैनिटाइज कराया गया और फिर उन्हें मास्क पहनाकर क्लास रूम में प्रवेश दिया गया। लंबे अंतराल के बाद खुल रहे स्कूलों में बच्चों के स्वागत के लिए शिक्षकों ने तैयारी कर रखी थी।
बच्चे स्कूल पहुंचे तो रोली चंदन का टीका लगाकर उनका स्वागत किया गया। क्लासरूम में बच्चों को बैठाने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया, और बच्चे क्लासरूम में मास्क पहनकर पढ़ाई करते नजर आए।
स्कूल के प्रधानाध्यापक तौफीक अंसारी ने बताया कि इस स्कूल में कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए पढ़ाई कराई जा रही है। इस महामारी को लेकर बच्चों को जागरूक भी किया जा रहा है।