नवाबगंज (गोंडा)। पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में पचीस हजार का इनामी पशु तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 13, 14 मार्च की रात दत्तनगर गांव में 24 गोवंशों से भरा ट्रक बरामद हुआ था। उसमें चार गोवंश मृत मिले थे। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। आठ अप्रैल को इस मामले में वांछित आरोपी दिलीप यादव को गिरफ्तार करने में सफलता मिली थी। उसके बाद 10 अप्रैल को दूसरे आरोपी सलीम को ढेमवा मार्ग पर चौखड़िया पुल के पास घेराबंदी करते समय हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ में सलीम के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था।
उन्होंने बताया कि इसी मामले में फरार चल रहे पच्चीस हजार के इनामी एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सब्बू निवासी ताजपुरा कोड़रा थाना कैंट जिला अयोध्या परशुरामपुर मोड़ पर कोयला डीपो के पास खड़ा है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर उसको गिरफ्तार करने का प्रयास किया लेकिन उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सब्बू के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर सीएचसी पर भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल गोंडा भेज दिया गया।