बालपुर(गोंडा)। कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के 168 पोलिंग बूथों को चुनाव आयोग ने चयनित करके मतदान के लाइव प्रसारण की तैयारी कर ली है। इस मतदान केंद्रों पर किसी भी तरह की धांधली नहीं हो सकती है। इन मतदान केंद्रों को सीधे चुनाव आयोग के वेबसाइट से जोड़ा जाएगा। जिसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी को आयोग का फरमान आ गया है। सभी लोग इन बूथों पर बिजली पानी आदि की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है।
विधान सभा क्षेत्र के तीनों ब्लॉक हलधरमऊ, कटरा बाजार व रुपईडीह के 168 बूथों से लाइव प्रसारण कराने की तैयारी तेज से चल रही है। बूथों की जानकारी जिला सूचना केंद्र से सीधे चुनाव आयोग के वेबसाइट पर लाइव दिखाया जाएगा। फर्जी मतदान को शत प्रतिशत रोकने में सफलता मिलेगी। ब्लॉक हलधरमऊ के बालपुर हजारी, रेरूवा, डाकखाना पुरवा, निदुरा, पिपरी, नहवा परसौरा, रामगढ़,कोचा, गोनवा, पहाड़ापुर, पतिसा, भोंका, चौरी सहित अन्य कई स्कूल चयनित किए गए हैं। वहीं, ब्लॉक कटरा बाजार के मैजापुर, वीरपुर कटरा, कटरा बाजार, वनगांव, भदैया, जगदीशपुर, तिलका, बाबूपुर,जगतापुर, सिसई जोगा, वीरवाखास सहित अन्य प्राथमिक व जूनियर स्कूलों पर लाइव प्रसारण कराने की तैयारी जोरों पर चल रही है।