फोटो- 20- गोंडा के बाबूपुरवा में लगा मतदान बहिष्कार का बोर्ड। संवाद
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। गांव के दबंगों ने सार्वजनिक रास्ते को बंद कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार की चेतावनी देते हुए गांव में बोर्ड लगा दिया है। रास्ता न खुलने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
कोतवाली करनैलगंज के ग्राम गोनवा के मजरा बाबू पुरवा का है। दबंगों ने गांव को जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर सीमेंट का पिलर लगाकर उसमें बांस बल्ली बांधकर पूरी तरह बंद कर दिया। जिससे आवागमन बाधित हो गया। वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का यह एकमात्र रास्ता है। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली में तहरीर दी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे क्षुब्ध होकर संदीप कुमार, सूरज यादव, सोनू, रामू यादव, राहुल, रामबहाल, भवनलाल, रामटहल, महादेव यादव, कुंदन, राजेश कुमार, शंकर यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उपजिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र देकर दबंगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई करने एवं रास्ता खोलवाने की मांग की। बीते चार जनवरी को उपजिलाधिकारी हीरालाल ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली करनैलगंज को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार रास्ता खुलवाकर विवाद का हल कराने का निर्देश दिया।
मगर एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद अभी तक कोतवाली पुलिस ने एसडीएम के निर्देश का अनुपालन नहीं किया। रास्ता भी नहीं खुलवाया गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यदि अविलंब रास्ता नहीं खुलवाया गया तो विवश होकर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने गांव को जाने वाले रास्ते के पास रास्ता नहीं तो वोट नहीं लिखा चुनाव बहिष्कार का बोर्ड भी लगाया है। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि प्रकरण पहले आया था। जिसपर पुलिस को मौके पर विवाद का निराकरण करने व रास्ता खुलवाने के निर्देश दिये गये थे। मामले की जांच कराई जा रही है।