फोटो-12-गोंडा में वजीरगंज के कंपोजिट विद्यालय पयागपुर में परीक्षा देते परीक्षार्थी। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिले के तीन हजार स्कूलों में दूसरे दिन परीक्षा में छात्र तो उत्साहित रहे, लेकिन शिक्षक तनाव में रहे। परीक्षा की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी होगी। इसके पहले ही शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगा दी गई है। स्कूलों में गुरुवार से परीक्षा की व्यवस्था प्रभावित होगी। जिससे शिक्षक परेशान हैं। कई स्कूलों में तो एक ही शिक्षक रह गए हैं। इस समय बीआरसी पर प्रशिक्षण के चलते शिक्षकों की कमी है। ऐसे में परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। दूसरे दिन स्कूलों में छात्र पहुंचे और करीब तीन लाख बच्चों ने परीक्षा दी। बीएसए डॉ. अखिलेश सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण चल रही है।
जिले के परिषदीय स्कूलों में परीक्षा के दूसरे दिन छात्रों की संख्या बढ़ी है। परीक्षा में कक्षा दो व तीन के छात्रों की गणित की परीक्षा हुई। वहीं कक्षा-चार व पांच के छात्रों की हिंदी की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा हुई। इसी तरह कक्षा छह व सात के छात्रों की प्रथम पाली में हिंदी व दूसरी पाली संस्कृत व उर्दू की परीक्षा हुई। कक्षा आठ के छात्रों की प्रथम पाली में विज्ञान व दूसरी पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा हुई। पूरे जिले में परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है। बेसिक स्कूलों के चार लाख 10 हजार परीक्षार्थियों में करीब तीन लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रही है। बताया जा रहा है कि 31 मार्च तक परीक्षा के साथ ही परिणाम जारी करने की कार्रवाई पूरी करनी है। किसी को परीक्षा में फेल नहीं किया जाना है।