लंबित आवेदन को लेकर डीएम ने बैंक के अधिकारियों से तलब की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई केवाईसी जरूरी है। इसके लिए किसान और आमजनों को बैंक के साथ संबंधित विभाग के अधिकारी भी जनजागरूकता अभियान चलाएंगे। बुधवार को जिला पंचायत सभागार में डीएम नेहा शर्मा ने जिला स्तरीय सलाहकार एवं बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक में दिशा-निर्देश जारी किया है।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कृषि, उद्यान, डूडा, केसीसी, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, साइन अप इंडिया योजना, पीएम स्वनिधी योजना, मत्स्य, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आधार सीडिंग, शिक्षा, मातृ वंदना योजना, स्वास्थ, विभाग, एनपीए बैंकर्स वसूली की समीक्षा की। ई केवाईसी न होने से योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। ऐसे में किसानों और आमजनों को योजना का लाभ देने के लिए ई केवाईसी जरूरी है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग और बैंक के अधिकारी अभियान चलाएं। इस दौरान पीडी डीआरडीए चंद्रशेखर के अलावा डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी अभिषेक रघुवंशी और उपकृषि निदेशक प्रेमकुमार ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।
लंबित आवेदन का निस्तारण कराएं बैंक
डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि लंबित आवेदन तत्काल निस्तारित किए जाएं। लाभार्थियों के लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द स्वीकृत करते हुए निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कहा कि उपरोक्त सभी विभागों की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों को दिया जाए। अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराया जाए।