फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: लालच में न दें अपना बैंक खाता, रकम आई तो खानी पड़ेगी जेल की हवा

Tue, 06 Jan 2026 11:03 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। साइबर ठग लोगों के बैंक खातों में सेंधमारी करने के साथ ही लोगों को कमीशन का लालच देकर उन्हें अपराध में धकेल रहे हैं। कमीशन के लालच में लोग ठगी की रकम अपने खातों में मंगा लेते है, जो म्यूल बैंक खाते की श्रेणी में आता है। साइबर ठगी के शिकार लोगों की शिकायत पर पुलिस की जांच में इसका खुलासा होने पर म्यूल बैंक खाताधारक को जेल की हवा खानी पड़ेगी। ऐसे मामलों में साइबर ठग कार्रवाई से बच जाते हैं। अगर कोई व्यक्ति आपको ऐसा ऑफर दे रहा है तो लालच में न आएं, अपने खाते में रकम ट्रांसफर कराने से बचें। ध्यान रहे सतर्कता ही आपको बचा सकती है।
विज्ञापन


साइबर विशेषज्ञ संजय गुप्ता बताते हैं कि ठगी की रकम को छिपाने के लिए साइबर ठग लोगों से धोखे से या कमीशन देने का लालच देकर खाता खुलवा लेते हैं, इसके बाद उसी खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर कराते हैं। इसके लिए खाताधारक को पांच से दस प्रतिशत तक कमीशन देते हैं। यही नहीं ऐसे खातों को किराये पर लेकर भी इस्तेमाल करते हैं। जिससे वह पकड़े जाने से बच जाते हैं। आप किसी के बहकावे में न आएं। अगर कोई आपको रुपयों का लालच देकर आपका खाता इस्तेमाल करने और उसमें रुपये मंगाने की बात करता है तो सतर्क हो जाएं।


म्यूल खाते में गई दो लाख की रकम
नवंबर 2025 में जिले के एक थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति के खाते को साइबर ठग ने हैक करके दो लाख रुपये साफ कर दिए। खाताधारक ने साइबर सेल में शिकायत की तो पुलिस की जांच में पता चला कि जिस खाते में पैसा गया, वह असम के बारपेटा जिले का है। जिले की पुलिस ने असम पुलिस ने ऑनलाइन संपर्क करके जानकारी चाही तो बताया गया कि पैसा म्यूल खाते में गया है। बाद में असम पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
विज्ञापन



ऑनलाइन सत्यापन से होती है म्यूल खातों की पुष्टि
ऑनलाइन मनी फ्रॉड के मामलों में शिकायत मिलने पर मुख्यालय के आदेश पर ही पुलिस ऑनलाइन जांच कराती है। इसमें किस खाते से कौन से खाते में रुपये ट्रांसफर हुए हैं, उसके बाद दूसरे से तीसरे, चौथे कितने खातों में गए, इसकी जांच जिस राज्य व जिले के बैंक खातों में रुपये गए हैं, वहां की पुलिस से ऑनलाइन संपर्क करके सूचना दी जाती है। ऑनलाइन सत्यापन में म्यूल खाते में रुपये जाने की पुष्टि होने पर वहां की पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई करती है।
साझा कर सकते हैं अपनी कहानी

अमर उजाला साइबर ठगों के खिलाफ अभियान चला रहा है। अगर आपके साथ किसी तरह की साइबर ठगी हुई है तो आप हमसे साझा कर सकते हैं। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आप हमें 9368724174 पर संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें