गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग ने 30वीं वाहिनी पीएसी मैदान में 21वें मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि आयुक्त एमपी अग्रवाल ने मेधावी बाल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि खेल से बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है। इस तरह के आयोजन से बच्चों में खेल के प्रति रुचि व साथ-साथ अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ दिमाग का वास होता है।
सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. विनय मोहन वन ने मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल की महत्ता पर विशेष प्रकाश डाला। संयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। व्यायाम शिक्षक संजय पीटीआई, जिला समन्वय राजेश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।