गोंडा। गोंडा-अयोध्या हाइवे पर नगवा मोड़ के पहले तहसील से घर लौट रहे युवक को बाइक से उतार कर जिला पंचायत सदस्य इंदल यादव व उनके गुर्गों ने सरिया से मार कर हाथ पैर तोड़ दिया।
पिटाई से घायल युवक को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी पर लाया गया। जहां उसकी गंभीर स्थित को देखते हुए जिला चिकित्सालय गोंडा भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में चार मामले में चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
घटना बीते बुधवार की शाम की है। पीड़ित के परिजनों के अनुसार घायल गुड्डू यादव निवासी ग्राम तुरकौली अपने ही गांव के सत्यवान सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहा था। नगवा मोड़ के निकट पहले से ही घात लगाए बैठे इंदल यादव व उसके कई साथियों ने उसे मार पीट कर हाथ पैर तोड़ कर लहूलुहान कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि दस वर्ष पूर्व दिवंगत हो चुके उसके चाचा की जमीन को इंदल यादव ने कूट रचित तरीके से बैनामा करा लिया है। इस मामले की शिकायत उसके द्वारा उच्चाधिकारियों से की गई थी, जिसकी सीओ तरबगंज जांच कर रहे हैं।
पूर्व में मामले की पैरवी न करने की धमकी जिला पंचायत सदस्य द्वारा दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की शीध्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। बताते चलें कि जिला पंचायत सदस्य इंदल यादव की गाड़ी से 15 दिन पूर्व मनकापुर पुलिस ने 350 लीटर अवैध दारू बरामद की थी।
जिसमें दो युवक मौके पर ही गिरफ्तार हो गए थे। जिसमें इंदल यादव सहित सभी लोगों पर धारा 272 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में इंदल यादव पहले से ही वांछित चल रहे हैं।