गोंडा। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को तेजी से पूरा कराने के लिए विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से भेंट की। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर जहांगिरवा व कटरा शाहबाजपुर रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। बताया कि दोनों ओवरब्रिज के निर्माण को गत दिनों आयोजित दिशा की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। अब जल्द इन दोनों ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराया जाए।
करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं व विकास कार्यों पर चर्चा की। करीब आधे घंटे की मुलाकात में अहम मुद्दों पर विस्तार से बात की। ऐतिहासिक स्थल सूकर खेत पसका को गोंडा-लखनऊ राजमार्ग से सीधा जोड़ने के लिए पसका-बालपुर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग रखी। इसके अलावा परसपुर-बालपुर मार्ग से धर्मनगर को जोड़ने वाले मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की। विधायक ने बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर कराने के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री से सिलसिलेवार चर्चा की।