14द्दस्रड्डश्च8-गोंडा में जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : GONDA
गोंडा। वायरल बुखार, टाइफाइड व डायरिया के साथ ही जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नही ले रहा है। गुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज समेत तीन नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा 55 तक पहुंच गया है।
जिला अस्पताल में भर्ती शहर के विष्णुपुरी निवासी एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव आया। खरगूपुर के पंचरुखी मनोहरजोत निवासी बुखार से पीड़ित एक युवक का डेंगू की जांच किए जाने पर रिर्पोट पॉजिटिव आई। झंझरी के बुधईपुरवा निवासी राजन शुक्ल पिछले कुछ दिनों से तेज बुुखार से पीड़ित थे जिला अस्पताल में जांच कराने पर इनकी भी डेंगू की रिर्पोट पॉजिटिव आई। डेंगू से तीन मरीजों की डेंगू से मौत भी हो चुकी है। जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग तक हड़कंप है।
डेंगू के साथ मच्छरों से पैदा होने वाली बीमारियों व मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मौसम जनित व संक्रामक बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच चिकित्सकों ने सेहत के प्रति लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। सीएमओ डॉ आरएस केसरी ने कहा कि डेंगू प्रभावित इलाकों का दौरा कर लार्वा रोधी कार्रवाई के साथ कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव के साथ ही रोजाना फॉगिंग भी कराई जा रही है।
डेंगू की रिपोर्ट नहीं दे रहे निजी अस्पताल
जिले में तेजी से फैल रहे डेंगू के मरीजों से निजी अस्पताल में भरे हैं। इसके बावजूद मनमानी के चलते संचालक डेंगू से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग को नहीं दे रहे हैं। इससे डेंगू पीड़ित मरीजों के परिवारों की उचित निगरानी व छिड़काव नहीं हो पा रहा है। जिले के एससीपीएम हॉस्पिटल, कस्तूरी हास्पिटल, रेलवे अस्पताल, अवध हास्पिटल, संजीवनी हास्पिटल, नूर हास्पिटल, आशादेव मेमोरियल हास्पिटल, गायत्री हास्पिटल, पैथकांइड डायग्नोस्टिक सेंटर, चंदन डायग्नोस्टिक सेंटर सहित कुल 19 पैथालॉजी सेंटर पंजीकृत हैं। इनमें से किसी के स्तर से डेंगू पॉजिटिव मरीजों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी जा रही है। सीएमओ ने सूचना न देने वाले संस्थानों को नोटिस भेजने का निर्देश दिया है।