गोंडा। पंचायत चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। पंचायतीराज विभाग ने मंगलवार को पंचायतों के वार्ड परिसीमन की अंतिम सूची जारी कर दी। इसके साथ ही इस बार जिला व क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित अन्य पदों की सीटें कम हो गई हैं। नगर निकायों के विस्तार को इसकी वजह माना जा रहा है।
पंचायतों के परिसीमन को लेकर 28 जुलाई को अनंतिम सूची जारी की गई थी। इस पर करीब 37 आपत्तियां आई थीं। इनका निस्तारण करने के बाद अब पंचायतीराज विभाग ने नए सिरे से परिसीमन जारी कर दिया है। जिले में नगर पंचायत तरबगंज, बेलसर व धानेपुर के गठन, नगर पालिका परिषद करनैलगंज व कटरा बाजार के सीमा विस्तार का असर 27 ग्राम पंचायतों पर पड़ा है। इनमें से 22 ग्राम पंचायतों का अस्तित्व समाप्त हो गया है, जबकि पांच ग्राम पंचायतों की आबादी कम हुई है।
जारी की गई परिसीमन सूची में जिला पंचायत के बेलसर चतुर्थ व मुजेहना के साथ ही क्षेत्र पंचायत के 48 व ग्राम पंचायत सदस्यों के 308 पद भी घट गए हैं। अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी जीडी जैन ने बताया कि परिसीमन जारी हो गया है। इसके साथ ही अन्य तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है।