कटरा बाजार के कुट्टी घाट पर टूटा टेढ़ी नदी का अप्रोच मार्ग व नाली। - संवाद
माधोपुर (गोंडा)। टेढ़ी नदी के कुट्टी घाट पर सेतु निगम की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से पुल, नाली और अप्रोच मार्ग का निर्माण कराया गया। कुछ दिन पहले ही काम पूरा हुआ है। पुल का अभी लोकार्पण भी नहीं हुआ, लेकिन घटिया निर्माण की पोल खुलने लगी है। बारिश से पुल के अप्रोच मार्ग की मिट्टी बह गई है। जलनिकासी के लिए बनाई नाली ध्वस्त हो गई है। ऐसे में अप्रोच मार्ग से आवागमन से हादसे की आशंका बनी हुई है।
कटरा बाजार विधायक बावन सिंह के प्रस्ताव पर 11.16 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण शुरू हुआ था। इस पुल के बनने से कटरा बाजार क्षेत्र के मथुरा, जयरामजोत, मंगरेपुरवा, खेमपुर, नरायनपुर कलां, उड़िला, माधोपुर समेत अन्य गांवों की लगभग 50 हजार आबादी को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी। यह मार्ग बहराइच जिले के तमाम गांवों को जोड़ता है। जयरामजोत निवासी शिवनाथ पाठक, बिंदेश्वरी, अनिल शुक्ल, मथुरा गांव के दिग्जिवय सिंह का कहना है कि पुल के अप्रोच मार्ग और नाली निर्माण में विभागीय लापरवाही सामने आ रही है। कुछ दिन पहले ही इसका निर्माण पूरा हुआ था, लेकिन अप्रोच मार्ग पहली बारिश भी नहीं झेल पाया। पूरी मिट्टी बह गई है। नाली टूटकर ढह गई है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सेतु निगम के अवर अभियंता विनोद कुमार सिंह का कहना है कि तीन माह पहले उनकी यहां तैनाती हुई है। पूरे मामले की जानकारी नहीं है। यदि मिट्टी बह गई है और नाली टूटी है तो उसकी मरम्मत कराई जाएगी।