परसपुर थाना क्षेत्र के सरैंया अघेरवा गांव का निवासी है बाबू चौहान
पिता ने थाने पर दर्ज कराई थी बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करनैलगंज/परसपुर(गोंडा)। परसपुर थाना क्षेत्र के सरैंया अघेरवा गांव का रहने वाला एक युवक का शव बुधवार को मनिहारीघाट पर सरयू नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी राम सबेरे का पुत्र बाबू चौहान (21) होली के दिन सोमवार की सुबह तकरीबन 11 बजे अपने घर से होली खेलने के लिए निकला था। मगर देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिवार के लोगोंं ने उसकी तलाश की। मगर उसका पता नहीं चल सका। राम सबेरे ने मंगलवार को थाने पर बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोगों को मनिहारी घाट पर सरयू नदी में एक शव उतराता देखा। वहां देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवाया। रामसबेरे ने शव की पहचान अपने बेटे बाबू चौहान के रूप में की। रामसबेरे ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में बेटे का शव मिलने से वह परेशान हैं।
इसकी सूचना घर पर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार शुक्ल ने बताया कि शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर एसडीएम करनैलगंज भारत भार्गव ने नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह को मौके पर भेजकर जांच कर रिपोर्ट मांगी है।