हमारा 10 लोगों का गैंग है। तीन-चार वाहन हैं। हम लोगों का रंगदारी का धंधा है। पुलिस भी हमारा कुछ नहीं कर पाएगी। क्योंकि हम पुलिस को भी पैसा देते हैं। इसलिए सरदार जी सुधर जाओ काम पूरा कर दो, नहीं तो तुम्हारे और तुम्हारे बेटे के लिए अच्छा नहीं होगा। यह सारी बातें मनकापुर में एक व्यापारी से रंगादारी मांगने के दौरान कही गई। जिसकी शिकायत सोमवार को व्यापारी ने मनकापुर कोतवाली में की।
नगर पंचायत मनकापुर के राजेन्द्र नगर में रहने वाले सरदार जोगिन्दर सिंह कस्बे के आजादनगर में परचून के व्यापारी हैं। सरदार जोगिन्दर सिंह के मुताबिक बीते 21 जून को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। जिसने रंगदारी के एवज में उनसे तीन लाख रुपयों की डिमांड की।
फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि पुलिस को बिना बताए वह एक पुल जाकर रुपया रख आए, नहीं तो उसके बेटे को उठा लिया जाएगा। जिसके बाद उसने फोन काट दिया। दूसरे दिन फिर से एक दूसरे मोबाइल से उनके नम्बर पर फोन आया। जिसमें कहा गया कि सरदार जी सुधर जाओ, मैंने तुम्हारे बेटे की सुपारी ली है।
काम पूरा कर दो, नहीं तो तुम्हारे लिए अच्छा नहीं होगा। हमारा 10 लोगों का गैंग है। तीन-चार वाहन हैं। हम लोगों का रंगदारी का धंधा है। पुलिस भी हमारा कुछ नहीं कर पाएगी। क्योंकि हम पुलिस को भी पैसा देते हैं। फोन पर 10 दिन पहले मिली इस धमकी की शिकायत सोमवार को सरदार जोगिन्दर सिंह ने कोतवाली मनकापुर में की।
जहां उसने अपने फोन नम्बर पर आई काल और उसका पूरा टेप सुनाया और पुलिस ने जान-माल की गुहार लगाई। सरदार जोगिंदर से मिली तहरीर और उसके फोन में टेप रंगदारी की धमकी सुनने के बाद कोतवाल दद्दन सिंह ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।