नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बीते दिनों कांग्रेस नेता के घर से ताला तोड़ माल उड़ा दिया है। पांच हजार नकदी समेत जेवर व अन्य सामान साफ कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेन्द्र सिंह गौतम ने गुरुवार को नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि वे परिवार के सभी सदस्यों के साथ हरिद्वार गए थे। घर की रखवाली के लिए पड़ोसी व मित्र को सौंप दिया था।
बीती 22 जून की रात चोरों ने घर का ताला काटकर घर के अंदर रखी अलमारी से पांच हजार रुपये नकदी समेत 30 हजार रुपये के जेवर, दो गैस सिलेंडर, एक मोबाइल व तीन जोड़े कपड़े चुरा ले गए हैं। चोरों ने घर का तमाम सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
सुरेन्द्र ने पुलिस से मामले की कार्रवाई करने की मांग की है। नगर कोतवाल श्रीनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।