पत्नी के ऊपर गलत निगाह रखने वाले दोस्त ने मना करने पर पति की गला काटकर हत्या कर दी। पत्नी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
रेहरा बाजार थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोमरहा के मजरे कुम्हारनडीह निवासी हेमराज(26) का शव शनिवार सुबह गांव से करीब 300 मीटर दूर जंगल में खून से लथपथ पाया गया। हेमराज की गला काटकर हत्या की गई थी। हेमराज की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि उसके पति की हत्या गांव के ही पिंटू नट ने की है।
मंजू का आरोप है कि पिंटू मेरे पति के साथ ही रहता था तथा उसे शराब भी पिलाता था। मंजू के मुताबिक पिंटू उसके ऊपर गलत निगाह रखता था। इस बात का पता चलते ही हेमराज ने पिंटू को मना किया था कि वह उसकी पत्नी तथा बच्चों से दूर रहे।
मंजू का कहना है कि शुक्रवार शाम हेमराज घर से नित्यकर्म के लिए निकला था तथा रात भर घर नहीं आया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने हेमराज की लाश गांव के करीब जंगल में पड़ी देखी।