तीन माह पहले घर में घुसकर एक युवक ने एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली करनैलगंज गई तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और फटकार कर भगा दिया। महिला ने डीआईजी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की।
डीआईजी के आदेश पर गुरुवार को कोतवाली करनैलगंज पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के एक गांव की रहे वाली महिला ने बताया कि उसका पति गैर जनपद में नौकरी करता है। वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती है।
महिला का आरोप है कि 10 मई 15 की रात एक युवक जबरन उसके घर में घुस आया और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर गांव के लोग निकले तो वह धमकी देता हुआ भाग निकला। महिला का आरोप है कि जब वह आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली करनैलगंज पहुंची तो कोतवाली में मौजूद एक दरोगा ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और फटकार कर भगा दिया।
महिला ने मंगलवार को डीआईजी जितेन्द्र प्रताप सिंह से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। डीआईजी के आदेश पर गुरुवार को कोतवाली करनैलगंज में आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली करनैलगंज के एसएसआई विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला उनसे नहीं मिली थी और न ही कोई तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।