कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास रेलवे ट्रक पर एक युवक का शव दो टुकड़ों में बृहस्पतिवार सुबह पड़ा मिला। मामले की जानकारी पर पहुंचे परिवारीजनों ने युवक की हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया है। घटनास्थल सीतापुर जीआरपी के क्षेत्र का होने के चलते जानकारी पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला सीतापुर पोस्टमार्टम करवाने के लिए ले गई है।
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करने के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कही है। मृतक सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र का निवासी है व बीते तीन माह से फतेहपुर कस्बे में रहकर मजदूरी का काम करता था।
कस्बा फतेहपुर रेलवे स्टेशन के बास बने मालगोदाम के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे एक युवक का शव दो टुकड़ों में रेल पटरी के किनारे पड़ा मिला। रेल ट्रैक पर युवक का शव पड़ा होने की जानकारी पर यहां लोगों की भीड़ लग गई।
इसके बाद स्थानीय लोगाें शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर व जीआरपी सीतापुर को दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव की जामातलाशी ली तो उसकी शिनाख्त शिव शंकर पुत्र हरेराम त्रिवेदी (28) निवासी ग्राम अकसोहा थाना रेवसा जिला सीतापुर के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के परिवारीजनों को पुलिस ने इस बारे में सूचना दी।
मामले की जानकारी पर घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के पिता हरेराम ने बताया कि उनका पुत्र बीते तीन माह पूर्व नौकरी करने के लिए फतेहपुर गया था जहां वह मजदूरी का काम करता है। कहा बेटे शिवशंकर से उनकी अक्सर फोन द्वारा बाते हुआ करती थी। पिता आरोप है कि किसी ने उनके पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे ट्रक पर फेंक दिया है। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ पुत्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
जीआरपी एसआई दीपेंद्र पटेल ने बताया कि अभी परिजनों की तरफ से कोई भी लिखित तहरीर प्राप्त नही हुई है। कहा शव को सीतापुर ले जाकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जायेगी।