फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा कार्यकर्ताओं ने गैसड़ी ब्लॉक में किया बवाल

Sun, 07 Feb 2016 11:14 PM IST
बलरामपुर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गैसड़ी ब्लॉक में रविवार को हुए ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में सपा की दबंगई चरम पर रही। मंत्री पुत्र के इशारे पर सपाइयों ने महिला बीडीसी बबूता को अगवा करने की कोशिश की। इसकी कवरेज करने पर सपाइयों ने पत्रकारों पर हमला कर दिया। हमले में कई पत्रकार घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक पत्रकार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


सपाइयों ने पुलिस व पत्रकारों पर पथराव भी किया। पुलिस ने भीड़ के साथ-साथ पत्रकारों पर भी लाठियां बरसाईं। घायल पत्रकार ने राज्यमंत्री पुत्र समेत अन्य सपाइयों के खिलाफ गैसड़ी कोतवाली में तहरीर दी है।

गैसड़ी ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हुआ। सपा प्रत्याशी सावित्री जायसवाल तथा निर्दल प्रत्याशी डॉ. शिशिर यादव के बीच मुकाबला था। बीडीसी वोटर वोट डालने जा रहे थे।
विज्ञापन


इसी बीच सड़क पर बीडीसी सदस्य बबूता को कुछ सपाइयों ने वोट डालने से रोका और छीनाझपटी शुरू कर दी। इसमें सपाइयों के साथ बबूता का पति पारस भी शामिल था।

इसी बीच कुछ पत्रकार बबूता के साथ हो रही छीनाझपटी की कवरेज करने लगे। इससे नाराज चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव के इशारे पर उनके पुत्र तथा सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राकेश यादव ने समर्थकों को पत्रकारों के खिलाफ भड़का दिया। समर्थकों ने पत्रकारों पर हमला कर दिया।

घटना में पत्रकार राकेश निर्भिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल राकेश ने बताया कि उस पर हमला मंत्री पुत्र राकेश यादव के कहने पर उनके समर्थक अनूप पाल सिंह व हरेंद्र सिंह व अन्य लोगों ने किया है।

देखते ही देखते दो पक्षों के बीच पथराव होने लगा। पुलिस कर्मियों ने अराजकतत्वों को खदेड़ने के बजाय पत्रकारों को ही निशाना बनाया। पुलिस की लाठी से जिला बार संघ के महामंत्री वर्षकार सिंह कलहंस भी घायल हो गए। एसडीएम तुलसीपुर केएन गुप्ता घटना होने पर ब्लॉक परिसर में चले गए।

पत्रकारों ने एसडीएम से भी तीखी नोक-झोंक की। घायल राकेश ने गैसड़ी कोतवाली में मंत्री व उनके पुत्र राकेश यादव, अनुप पाल सिंह व हरेंद्र सिंह सहित अन्य सपाइयों के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी है।

डीएम प्रीति शुक्ला तथा एसपी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल गैसड़ी पवन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

जंतु उद्यान व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव ने कहा कि गैसड़ी में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के दौरान पत्रकार राकेश ने प्रत्याशी शिशिर यादव के लिए गनवरिया के बीडीसी सदस्य बबूता को जबरन साथ ले जाने की कोशिश की।

बबूता के पति पारस व अन्य लोगों से इसी बात को लेकर मारपीट हो गई। पत्रकार राकेश द्वारा लगाये जा रहे सभी आरोप झूठे हैं। राकेश की दबंगई के खिलाफ बबूता के पति पारस ने भी गैसड़ी कोतवाली में तहरीर दी है।

गैसड़ी ब्लॉक से ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव लड़ रहे निर्दल प्रत्याशी डॉ. शिशिर यादव ने बताया कि चुनाव में राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव के इशारे पर सपाइयों ने सपा प्रत्याशी के समर्थन में जमकर दबंगई की।

बीडीसी वोटरों तथा उनके परिजनों को अगवा कर जबरन कंपेनियन बनाकर वोट डलवाया गया। शिशिर ने राज्य निर्वाचन आयोग से मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें