हाथरस (ब्यूरो)। झींगुरा में अधिवक्ता के साथ मारपीट, फायरिंग करने और चंदपा थाने में पथराव करने के आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने गांव में दर्जनभर से ज्यादा घरों में दबिश दी, जिससे ग्रामीणों में खलबली मच गई। हालांकि दबिश का कोई नतीजा नहीं निकला। सभी आरोपी फरार हैं और घराें में पुलिस को केवल महिलाएं ही मिलीं। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव झींगुरा में एडवोकेट रविंद्र सिंह और प्रधान पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष तहरीर लेकर थाने पहुंचे थे। जहां पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। इस मामले में पुलिस ने एडवोकेट रविंद्र सिंह की शिकायत पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए। इनमें से एक में चार और दूसरे में 33 लोगों को आरोपी बनाया गया था।