इनसेट में मृतक व विलाप करती उसकी पत्नी।
- फोटो : amar ujala
बलरामपुर सदर से सपा विधायक जगराम पासवान के भाइयों ने शनिवार रात मामूली विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। शादी समारोह से बारातियों को लेकर लौट रही बोलेरो को विधायक के भाई की कार ने टक्कर मारी और इसका विरोध करने पर एक युवक को गोली से उड़ा दिया।
मृतक के भाई ने विधायक के तीन सगे भाइयों के खिलाफ धानेपुर थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के रानीपुरवा गांव निवासी विनय यादव की बारात शनिवार को धानेपुर थाना क्षेत्र के त्रिभुवननगर ग्रंट गांव के मजरा करियापुरवा निवासी शेखचंद यादव के घर आई थी।
रानीपुरवा गांव का रहने वाला जयराम यादव (40) भी बारात में शामिल था। जयराम बोलेरो से रात करीब एक बजे गांव लौट रहा था। बोलेरो में बैठे प्रत्यक्षदर्शी सोहबतलाल यादव के मुताबिक शुक्लागंज रेहरा मार्ग पर छोटकाई डीह गांव के पास सामने से आ रही एक कार आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बारातियों की बोलेरो से भिड़ गई।
इसके बाद कार सवार लोगों ने उतरकर बोलेरो के चालक को पीटना शुरू कर दिया। जब बारातियों ने इसका विरोध किया तो कार में सवार बलरामपुर सदर से सत्तारूढ़ दल के विधायक जगराम पासवान के भाइयों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।