टिकरी रेलवे स्टेशन से 100 मीटर दूर रेल ट्रैक पर शुक्रवार देर रात प्रेमी युगल के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। युवक के परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौका मुआयना कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक शादीशुदा था और 10 मई को उसका गौना होना था। ऐसे में आशंका है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने जान दी है। हालांकि ऑनर किलिंग के पहलू पर भी तफ्तीश की जा रही है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के टिकरी रेलवे स्टेशन से सौ मीटर दूर शुक्रवार देर रात रेल ट्रैक पर युवक व युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो युवक की पहचान सुधीर मिश्र (26) पुत्र रामनारायण मिश्र निवासी पूरे डाढू केवलीजोत व युवती सुरुचि तिवारी उर्फ पिंकी (22) पुत्री रमाकांत तिवारी गुल्लुर निवासी पूरे डाढू रामपुर के रूप में हुई। पुलिस को टिकरी स्टेशन पर सुधीर की बाइक भी खड़ी मिली है।
सुधीर की बहन ने बताया कि वह दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और तीन साल पहले बालेश्वरगंज के मजरेटी गांव की रहने वाली युवक से उसकी शादी हुई थी। 10 मई को गौना आना था। बहन ने बताया कि शुक्रवार देर शाम सुधीर गौना के कार्ड लिख रहा था, इसी बीच उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। जिसके बाद वह घर से चला गया। जिसके चलते सुधीर की बहन ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
वहीं, सुरुचि की दादी फूलमती ने बताया कि वह वजीरगंज के एक विद्यालय में शिक्षिका थी। शुक्रवार शाम घर में खाना बनाने के बाद करीब सात बजे सुरुचि घर से निकली थी।
वजीरगंज थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज का कहना है कि सुधीर और सुरुचि के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई है। 10 मई को सुधीर का गौना होना था, ऐसे में आशंका है कि उसने सुरुचि के साथ खुद ट्रेन से कटकर जान दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में ऑनर किलिंग के पहलू पर भी छानबीन की जा रही है।