शहर की विष्णुपुरी कॉलोनी के एक घर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने 21 हजार रुपये व तीन लाख के जेवरात पार कर दिए। इस मामले में नगर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शहर के विष्णुपुरी कॉलोनी के रहने वाले कृष्णगोपाल तिवारी ने बताया कि वह 28 दिसंबर को घर में ताला लगाकर मिर्जापुर के शक्तेषगढ़ में गुरु के दर्शन के लिए गए थे।
वहां परिवारीजनों के साथ गुरु की सेवा में लगे थे। इसी बीच 29 दिसंबर की रात चोरों ने घर के गेट का ताला तोड़ दिया और आलमारी तोड़कर 21 हजार रुपये, सोने का लॉकेट, कान की बाली, अंगूठी, झाला, टप्स, चांदी की पायल, बिछुआ, चांदी का सिक्का, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर उठा ले गए।
कृष्णगोपाल के मुताबिक 30 दिसंबर को सुबह पड़ोसी ने फोन पर चोरी होने की सूचना दी। जब वह अपने घर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था।
इस मामले में कृष्ण गोपाल तिवारी ने नगर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।