धानेपुर थाना क्षेत्र के उजैनीकला गांव के मजरा सांवलपुरवा में सोमवार को मामूली बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्ष के 10 लोग घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के उजैनीकला गांव के मजरा सांवलपुरवा निवासी आसिफ के मुताबिक गांव के ही पूर्व प्रधान मसीउद्दीन खां के चालक चवन्नी ने सोमवार को पूर्व प्रधान की कार आसिफ के घर के दरवाजे पर बनी फर्श पर चढ़ा दी, जिससे फर्श टूट गई।
आसिफ ने बताया कि इस बात की शिकायत लेकर वह पूर्व प्रधान के घर गया तो उन्होंने शिकायत सुनने के बजाय उससे अभद्रता करते हुए भगा दिया।
आसिफ का आरोप है कि थोड़ी देर बाद पूर्व प्रधान के समर्थक उसके घर आ धमके और उसे पीटने लगे। आसिफ को बचाने दौड़े उसके परिवारीजनों को भी हमलावरों ने ने जमकर पीटा।
इस मारपीट में आसिफ, अब्दुल कलीम, सरीफ, जैबुन्निसा व आरिफ घायल हो गए। उधर दूसरे पक्ष के चवन्नी का कहना है कि कार मोड़ते समय गलती से कार का पहिया आसिफ की फर्श पर चढ़ गया।
इससे नाराज आसिफ ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने दौडे़ अब्दुल सलीम, नियामत अली, इकरामुन व सद्दाम को भी आसिफ पक्ष के लोगों ने पीटा, जिसमे सभी लोग घायल हो गये।
इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष धानेपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।