कोल्हमपुर इमाम गांव मेें शुक्रवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे की कुंडंी तोड़कर एक लाख रुपये की नकदी व पांच लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। शनिवार की सुबह परिवार के लोग जब सोकर उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस व डाग स्क्वॉयड ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नवाबगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर इमाम गांव के रहने वाले वेद प्रकाश साहू ने बताया कि कि शुक्रवार को उसके परिवार के सभी सदस्य घर की छत पर सोने चले गए थे। रात में अज्ञात चोर छत के रास्ते से उसके घर में घुस गए और कमरे में रखी आलमारी व बक्से का ताला तोड़कर उसमेे रखी एक लाख रुपये नकदी व करीब पांच लाख रुपये के जेवर उठा ले गए।
शनिवार की सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो छत से नीचे उतरने के लिए सीढ़ी पर लगाया गया दरवाजा बंद मिला। दूसरे रास्ते से घूमकर जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा, अलमारी व बक्से का ताला टूटा पड़ा था और सामान फर्श पर बिखरा था।
वेद प्रकाश ने बताया कि एक लाख रुपये नकदी, सोने की तीन जंजीर, दो झुमका, चार अंगूठी, दो टप्स, तीन मटरमाला, चार नथुनी, एक मारवाड़ी नथुनी व चांदी कीआठ पायल लेकर चोर फरार हो गए। वेद प्रकाश ने चोरी गए गहनों की कीमत पांच लाख रुपए बताई है। चोरी की सूचना पर एसओ नवाबगंज अशोक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। कोतवाल नवाबगंज अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है जल्द ही चोरों का पता लिया जाएगा।