लालेमऊ गांव के मजरे निबिहा में दबंगों ने सोमवार देर रात खेत को गए एक बुजुर्ग को लाठियों से जमकर पीटा और उससे गंदगी उठवाई। वहां से भागकर बुजुर्ग घर पहुंचा तो दबंग वहां भी आ धमके और विरोध करने पर बुजुर्ग की बहू व पड़ोस की एक महिला को जमकर पीटा और तोड़फोड़ की।
दबंगों ने गांव के रास्ते पर लगी इंटरलॉकिंग उजाड़ दी और गन्ना तौल केन्द्र पर बने चौकीदार के छप्पर को फूंक दिया। दबंग तीन घंटे तक गांव में तांडव करते रहे। दबंगों के डर से बुजुर्ग को परिवार समेत पूरी रात खेत में गुजारनी पड़ी।
इस मामले में बुजुर्ग के बेटे और पड़ोसी ने कोतवाली करनैलगंज में दबंगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के लालेमऊ गांव के मजरे निबिहा के रहने वाले 75 वर्षीय गिरधारी विश्वकर्मा ने बताया कि वह सोमवार देर रात खेत की तरफ गया था।
उसी समय गांव के कुछ दबंग लोग वहां आ पहुंचे और उन्हें मारपीट कर जबरन हाथ से मैला उठवाया। बुजुर्ग ने बताया कि दबंगों ने जबरन उनकी धोती से मैला साफ करवाया। दबंगों के डर से वह जान बचाकर भागते हुए अपने घर पहुंचे तो दबंग उनका पीछा करते हुए उनके घर आ धमके और दोबारा उनकी पिटाई करने लगे।
उन्हें बचाने दौड़ी उनकी बहू सुनीता को भी दबंगों ने पीटना शुरु कर दिया। सुनीता की चीेख सुनकर पड़ोस की रहने वाले चंदर की पत्नी गीता दौड़ी तो दबंग उसके घर में घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे। दबंगों ने गीता के घर की दीवार ढहा दी और पूरे परिवार को मारपीटकर घर से भगा दिया।
इसके बाद दबंगों ने गांव के रास्ते पर बनी इंटर लॉकिंग उजाड़ दी और गन्ना तौल केन्द्र का छप्पर फूंक दिया। दबंगों ने तौल केन्द्र पर लगे हैंडपंप को खोल लिया और धमकी देते हुए उसे साथ उठा ले गए। दबंग तीन घंटे तक गांव में तांडव करते रहे।
मगर दबंगों की दहशत से गांव के लोग शांत रहे। दबंगों के डर से बुजुर्ग और पड़ोसी चंदर के परिवार को ठिठुरन में पूरी रात खेत में बितानी पड़ी। इस मामले में बुजुर्ग के बेटे राजेश व पड़ोसी चंदर ने कोतवाली करनैलगंज में दबंगों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक हरी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। कहा कि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है, पूछताछ की जा रही है।