बिहटा हलबल गांव में दहेज में टीवी, फ्रिज व कूलर नहीं मिलने पर सोमवार देर रात ससुराल वालों ने विवाहिता को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। दहेज हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में विवाहिता के पिता ने कोतवाली मनकापुर में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन लोगों का गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के बनघुसरा गांव के मजरे रामपुर के रहने वाले अवधराज पांडेय ने मनकापुर कोतवाली में मंगलवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी सुमन (19) की शादी 24 अप्रैल 2016 को मनकापुर के बिहटा हलबल गांव निवासी रामराज मिश्र के बेटे आशीष कुमार मिश्र से की थी।
अवधराज के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज में टीवी, फ्रिज व कूलर मांगने लगे। इसके लिए ससुराल वाले सुमन को अक्सर पीटते थे। अवधराज का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति आशीष, ससुर रामराज मिश्र, सास शर्मावती व ननद प्रीति ने सोमवार देर रात सुमन पर केरोसिन डालकर उसे जिंदा जला दिया।
अवधराज ने बताया कि बेटी की ससुराल के ग्रामीणों से खबर पाकर जब वह वहां पहुंचे तो सुमन का शव जमीन पर पड़ा मिला। दहेज हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में अवधराज पांडेय ने कोतवाली मनकापुर में पति आशीष मिश्र, ससुर रामराज मिश्र, सास शर्मावती मिश्रा व ननद प्रीति मिश्रा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि आरोपी पति आशीष मिश्र, ससुर रामराज मिश्र व सास शर्मावती मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।