करनैलगंज के चकरौत गांव में शनिवार को सड़क किनारे लगे पेड़ को काटते वक्त यह पेड़ एक बाइक सवार पर गिर पड़ा, जिससे बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दो गांवों के लोग जमा हो गए और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।
मामले की सूचना मिलने के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग पेड़ कटवाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। गिरफ्तारी होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। वहीं एसडीएम ने पीड़ित परिवार को अहेतुक सहायता दिलाने की बात कही है।
चकरौत से दुबाई जाने वाले पर रास्ते पर चकरौत गांव के ही रहने वाले जवाहर शुक्ला की जमीन में शीशम का पेड़ लगा था, जिसे उसी गांव के लल्ला तिवारी कटवा रहे थे। शनिवार की शाम पेड़ की कटान चल ही रही थी कि उसी बीच गुरसड़ी गोसांईपुरवा के रहने वाले ममलेश गोस्वामी का पुत्र खाकी प्रसाद अपनी मां कैलाशपती को मोटर साइकिल पर बैठाकर निकल रहा था।
तभी अचानक पेड़ उसकी बाइक पर गिर पड़ा, जिससे बाइक पर पीछे बैठी कैलाशपती की मौके पर ही मौत हो गई। कैलाशपति की मौत की सूचना मिलते ही दोनों गांवों के लोग जुट गए और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोगों ने कैलाशपति के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
इसकी सूचना जब पुलिस को मिली तो वायरलेस से सूचना देकर कई थानों की पुलिस बुला ली गई। जबकि एसडीएम अनिल कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार नवीन प्रसाद, कोतवाल अभय प्रताप मल्ल, एसएसआई आलोक दुबे सहित कोतवाली की पूरी फोर्स मौके पर पहुंच गई।
जबकि थोड़ी ही देर में परसपुर, कटरा बाजार व कौड़िया थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसी बीच जब पुलिस ने पेड़ कटवाने के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया तो लोग शांत हो गए। एसडीएम अनिल कुमार मिश्र ने पीड़ित परिवार को हरसंभव अहेतुक सहायता मुहैया कराने की बात कही है। वहीं मामले में पुलिस ने दो लोगों को खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।