विवाहिता को मारकर फंदे से लटकाया
करनैलगंज(गोंडा)। हीरापुर कमियार गांव के मजरे पंडितपुरवा में दहेज के लिए ससुराल वालों ने शुक्रवार दोपहर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में कोतवाली करनैलगंज में सास व परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के सकतपुर सरैंया गांव के रहने वाले सीताराम ने बताया कि उसने अपनी 26 वर्षीया बेटी अंजनी की शादी ढाई साल पहले कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के हीरापुर कमियार गांव के मजरे पंडितपुरवा के रहने वाले सुनील कुमार के साथ की थी।
शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर अंजनी को प्रताड़ित किया करते थे। सीताराम ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने शुक्रवार की दोपहर अंजनी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के एक कमरे में रस्सी के सहारे फंदे से लटका दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीताराम ने कोतवाली करनैलगंज में अंजनी की सास व परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।