नौकरी दिलाने का झांसा देकर परसपुर थाना क्षेत्र के आठ गांवों के 15 लोगों से बाप-बेटों ने रिश्तेदार संग मिलकर 15 लाख 52 हजार रुपये ठग लिए। ठगी के शिकार हुए लोगों को जब नौकरी नहीं मिली तो रुपये वापस मांगने पर ठगों ने उन्हें धमकी दी। इस मामले में ठगी का शिकार हुए लोगों ने थाना परसपुर में बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
थाना परसपुर क्षेत्र के बिहुरी बलमत्थर गांव के रहने वाले आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि उल्टहवा गांव के मजरे पूरे महातवन पुरवा का के रहने एक व्यक्ति ने अपने ससुर व उसके बेटे के संग उनसे मिले थे। आनंद के मुताबिक तीनों ने उनके परिवार के सदस्यों को एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी दिलाने का सब्जबाग दिखाकर सात लाख रुपये ले लिए।
आनंद के मुताबिक ठगी करने वाले व्यक्ति ने नौकरी का झांसा देकर उनसे ही नहीं बल्कि क्षेत्र के बिहुरी गांव के रहने वाले संदीप गोस्वामी से एक लाख, पसका के आजाद सिंह से 30 हजार, पूरे मुंगही सकरौर के अन्नू सिंह से 70 हजार, टमनहा के लालमणी मिश्र एक लाख, उल्टहवा पसका के देशराज यादव से 90 हजार, ढोढ़ेपुर तरबगंज के सतेन्द्र कुमार मौर्या से 80 हजार, उल्टहवा पसका के कृष्ण कुमार यादव से 90 हजार, यहीं के मंशाराम यादव से 35 हजार, पसका के कृष्ण चंद्र मिश्रा से 60 हजार, बसंतपुर के विजय वर्मा से 60 हजार, सकरौर पूरे मुंगही के नंदलाल मिश्र से 30 हजार, उल्टहवा के बाबूलाल यादव से 38 हजार, यहीं के महेश यादव से 29 हजार, लालेमऊ के संजय से 60 हजार रुपये ठग लिए।
इस मामले में आनन्द्र प्रताप सिंह समेत ठगी के शिकार हुए लोगों ने थाना परसपुर में बाप-बेटों समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष परसपुर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।