विस्फोटक के साथ पेट्रोल पंप के पास से पकड़ा गया युवक
गोंडा। पुलिस ने परसपुर-रगड़गंज मार्ग पर स्थित चरहुंवा पेट्रोल पंप के पास से रविवार की की सुबह एक युवक को विस्फोटक के साथ पकड़ा है।
पकड़े गए युवक के पास से प्लास्टिक की एक बोरी में 2 किलो 700 ग्राम बारुद व बम बनाने की सामग्री बरामद हुई है। मामले में थाना परसपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष परसपुर बीएन सिंह ने बताया कि रविवार सुबह वह क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे तभी सूचना मिली कि एक युवक परसपुर-रगड़गंज मार्ग पर चरहुंवा पेट्रोलपंप के पास बारूद व बम बनाने की सामग्री लेकर कहीं जा रहा है।
इसी सूचना पर पंप के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से प्लास्टिक की एक बोरी में दो किलो 700 ग्राम बारूद व बम बनाने की सामग्री बरामद हुई।
थानाध्यक्ष के मुुताबिक पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम जगप्रसाद निवासी डेहरास बताया। उसने बताया कि वह बारूद से बम बनाने का काम करता है। यहां तैयार किए गए बम को लोगों को बेचता है। उसके खिलाफ थाना परसपुर में विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।