आगंनबाड़ी केंद्र निर्माण के विवाद में बुजुर्ग की हत्या
गोंडा। धानेपुर के दूल्हमपुर गांव में शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण का विरोध कर रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। बुजुर्ग के भतीजे ने ग्राम प्रधान के पति समेत तीन लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उसने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जायेगा।
धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दूल्हमपुर में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण स्वीकृत हुआ है। प्रधान ऊषा देवी के मुताबिक केंद्र का निर्माण ग्रामसमाज की सरकारी जमीन पर प्रस्तावित है और शुक्रवार को उसके निर्माण के लिए नींव की खोदाई प्रारंभ की गई थी। इस जमीन को गांव के बीपत वर्मा (60) अपनी जमीन बता रहे थे।
शुक्रवार को जब केंद्र निर्माण का काम शुरु हुआ तो बीपत उसका विरोध करने लगे। बीपत के भतीजे रोहित का कहना है कि इस विरोध पर प्रधान पति राजेंद्र वर्मा से उनका विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो ग्राम प्रधान पति राजेंद्र वर्मा ने अपने दो अन्य भाई ओमप्रकाश वर्मा व एक अन्य के साथ मिलकर बीपत का गला दबा दिया आर उसकी हत्या कर दी। बीपत की मौत के बाद प्रधान पक्ष के लोग भाग खड़े हुए।
रोहित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रोहित ने प्रधान पति राजेंद्र वर्मा समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। वहीं इस संबंध में ग्राम प्रधान ऊषा देवी के पति राजेंद्र वर्मा ने बताया कि सरकारी जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण पहले से प्रस्तावित था।
शुक्रवार को जब निर्माण के लिए नीव खोदाई आरंभ हुई तो बीपत भी थोड़ी दूर पर बैठे थे। अचानक वह गश खाकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। राजेंद्र वर्मा ने किसी से भी विवाद होने से इंकार किया है। आरोप है चुनावी रंजिश को लेकर उन्हे व उनके परिजनों को फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है। थानाध्यक्ष मनीष पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई तो केस दर्ज किया जायेगा।