परीक्षा देकर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत
गोंडा। मसकनवां-मनकापुर मार्ग पर बल्लीपुर गांव के पास सोमवार देर शाम गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्रॉले से बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार भाई-बहन गंभीररूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी दोनों को सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना मोतीगंज क्षेत्र के भोरहा मुंरौल गांव के रहने वाले सूबेेदार सिंह का 24 वर्षीय बेटा शांतनु सिंह व 24 वर्षीया बेटी गरिमा सिंह ने पुलिस भर्ती परीक्षा में आवेदन किया था। दोनों की लिखित परीक्षा बस्ती के एक कॉलेज में थी।
दोनों सोमवार की सुबह बाइक से परीक्षा देने बस्ती जनपद गए थे। वहां परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों देर शाम बाइक से घर वापस लौट रहे थे। वह दोनों मसकनवां-मनकापुर मार्ग पर बल्लीपुर गांव के पास पहुंचे थे तभी गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले से बाइक की भिड़ंत हो गई।
जिसमें दोनों मरणासन्न हो गए। क्षेत्र भ्रमण पर निकले पुलिस कर्मी अवधेश सिंह यादव और उसके साथियों ने दोनों को सीएचसी मनकापुर पहुंचाया। जहां चिकित्सक डा. डीके भाष्कर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डा. डीके भाष्कर ने बताया कि दोनों की सीएचसी पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।