फोटो-14-गोंडा के करनैलगंज में पकड़ी गई लकड़ी लदी ट्राली। -संवाद
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। एसडीएम के क्षेत्र भ्रमण के दौरान ट्रॉली पर लदी करीब 15 लाख रुपये कीमत की शीशम व सागौन की लकड़ी लावारिस मिली। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस व वन विभाग की टीम ने ट्रॉली कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सकरौरा ग्रामीण के मजरा गज्जू पुरवा में एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर करीब 60 बोटा लकड़ी लदी थी। इसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। एसडीएम की गाड़ी को देखकर चालक ट्रॉली खड़ी करके ट्रैक्टर से भाग गया। एसडीएम ने इसकी सूचना पुलिस व वन दरोगा को दी। मौके पर पहुंची टीम लकड़ी समेत ट्राली को कोतवाली ले आई। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि लकड़ी को छोड़कर ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। एसडीएम ने बताया कि पुलिस व वन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भेजकर लकड़ी से भरी ट्राली को थाने लाया गया है। वन विभाग की तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। वन दरोगा अशोक कुमार पांडेय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।