करनैलगंज (गोंडा)। चार दिन से लापता एक महिला और उसकी अबोध बच्ची का शव सरयू नदी से बरामद हुआ है। मामले में महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया था।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम मुंडेरवा निवासी मुनव्वर अली की पत्नी वहीदा (35) व उसकी बच्ची गुलशन (3) बीते सात मार्च से गायब थी। बताया जा रहा है कि सात मार्च की शाम मुनव्वर अपने घर पहुंचा तो बेटी व पत्नी नहीं मिली तो सभी ने मिलकर उनकी तलाश शुरू की। दोनों का ही कुछ पता न चलने पर आठ मार्च को पति मुनव्वर ने कोतवाली पहुंच कर पत्नी व बच्ची की गुमशुदगी की तहरीर दी।
गुरुवार को मुंडेरवा गांव के समीप सरयू नदी के किनारे मां-बेटी का शव पड़ा होने की सूचना से गांव में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी का शव सरयू नदी से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तय होगी।