बालपुर (गोंडा)। कठेला तालाब में आई बाढ़ से चंदहा नाले पर भरसड़ा गांव के पास बने पुल पर पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। बाढ़ के पानी में एक युवक बह गया। पांच घंटे के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को अयोध्या से बुलाया गया है।
हलधरमऊ ब्लाक क्षेत्र के भरसड़ा गांव निवासी रामस्वार्थ तिवारी का पुत्र रामभवन तिवारी 25 शुक्रवार की सुबह गांव के पास बने पुल को पार कर रहा था। कठेला तालाब में आई बाढ़ के पानी से उफनाए चंदहा नाले में वह बह गया। युवक के बहने की सूचना पर आसपास के गांव के लोगों की वहां भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर कोतवाली करनैलगंज के उपनिरीक्षक सुनील कुमार तिवारी व डायल 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। लेकिन पांच घंटे बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है। उपनिरीक्षक सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि अयोध्या से गोताखोरों बुलाया गया है, गोताखोरों के पहुंचने पर सर्च अभियान चलाया जाएगा। हादसे की सूचना पर विधायक कटरा बावन सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, मगर अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है। (संवाद)