करनैलगंज (गोंडा)। एक ही गांव में दो लोगों के घर में चोरी की घटना को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। मामला कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम नगवा कला के मजरा कोठार से जुड़ा है। पहली घटना यहां के निवासी सदानंद तिवारी के यहां घटी। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की देर शाम वह अपने परिवार के साथ भोजन करके सो गया। रात के समय चोर चहारदीवारी फांद कर उसके घर के अंदर पहुंच गये और बक्से में रखा पांच हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायल, एक सोने की कील, तांबे के बर्तन व कपड़े चोरी कर ले गए हैं। दूसरी घटना इसी गांव के रामकुमार तिवारी के यहां की है।
पीड़ित ने बताया कि मंगलवार रात अज्ञात चोर छत के रास्ते उनके घर के अंदर पहुंच गये। 35 सौ रुपये नकद, बर्तन व कपड़े आदि चोरी कर ले गए है। पीड़ितों ने बताया कि घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। मालूम रहे कि कोतवाली करनैलगंज के हल्का नंबर एक में चोरियों का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। एक माह में करीब आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है।