गोंडा। आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने मंगलवार को धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें एक नवंबर से शुरू होने वाले धान खरीद की तैयारियों का जायजा लिया।
मंडल में धान खरीद के लिए 3 लाख 18 हजार 700 मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य निर्धारित है। मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य कामन धान रुपया 1940 प्रति क्विंटल एवं ग्रेड ए धान रुपये 1960 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जबकि गत वर्ष धान 1868 एवं ग्रेड ए धान 1888 प्रति क्विंटल था।
इस वर्ष आधार कार्ड लिंक्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, इसके लिए किसान पंजीकरण के समय अपने आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर ही अंकित करायेंगे। कृषक पंजीयन विगत 16 अगस्त 2021 से ई-उपार्जन पोर्टल पर आरंभ हो चुका है।
गोंडा में 88, बलरामपुर में 33, बहराइच में 83 तथा श्रावस्ती में 35 धान क्रय केंद्र अनुमोदित किए जा चुके हैं। आयुक्त ने खाद एवं रसद विभाग ने संबंधित अधिकारियों से ऑनलाइन मॉनिटरिंग का कार्य जिम्मेदारी के साथ किए जाने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने कहा है कि धान क्रय केंद्रों की दूरी, धान की अधिक उत्पादकता के क्षेत्र तथा विगत वर्षों से चली आ रही मांग के दृष्टिगत ऐसे क्षेत्रों में धान क्रय केंद्र बनाए जाने पर विचार किया जाए।
संभागीय खाद्य नियंत्रक दिनेश शर्मा ने बताया कि किसी कृषक द्वारा अपना पंजीकरण अधिकतम 100 क्विंटल धान विक्रय के लिए किया गया है तो वह ऑनलाइन सत्यापन से मुक्त रहेगा। इस मौके पर संभागीय खाद्य नियंत्रक सहित खाद एवं रसद तथा विपणन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।