गोंडा। प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को मुफ्त में टैबलेट या स्मार्ट फोन देने की योजना से युवाओं में उम्मीद जगी है। जिले के एक लाख के करीब युवाओं को योजना में शामिल किया जा सकता है।
जिले में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई करने वालों को इस योजना में शामिल किये जाने का ऐलान सीएम ने किया है। जिले में बुधवार को आए मुख्यमंत्री ने एक बार फिर नवंबर माह में युवाओं को एक करोड़ मुफ्त स्मार्टफोन एवं टैबलेट देने की बात दोहराई। जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।
बताया जा रहा है कि योजना से पोस्ट ग्रेजुएशन, बीटेक, ग्रेजुएशन, पॉलिटेक्निक, मेडिकल, एजुकेशन, पैरामेडिकल और कौशल विकास मिशन की ट्रेनिंग लेने वाले अभ्यार्थियों को स्मार्टफोन या टैबलेट मिलेगा।
योजना का लाभ छात्रों के अलावा अन्य लोगों को भी प्रदान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि कौशल विकास मिशन में प्रशिक्षण हासिल करने वालों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा। जिसमें प्लंबर, कारपेंटर, नर्स इत्यादि। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इस योजना के कार्यान्वयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी का भी गठन किया जाएगा। इस कमेटी में 6 सदस्य होंगे। इस कमेटी के द्वारा शिक्षण संस्थानों को चिन्हित करके सूची भी तैयार की जाएगी। माना जा रहा है कि अब जल्द ही इस योजना के बारे में विस्तृत निर्देश जारी होंगे। सीएम की ओर से बुधवार को भी इस बारे में घोषण किये जाने से लोगों की उम्मीदों को पंख लगे हैं।
शासन की ओर से जारी होने से ही योजना का लाभ लोगों को मिलेगा। इसके लिए युवाओं में विशेष उत्साह है और लोग तैयारी कर रहे हैं। एलबीएस डिग्री कॉलेज के प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्र का कहना है कि योजना के लाभ से युवाओं की पढ़ाई में सहूलियत होगी। इससे सरकार की यह योजना काफी कारगर है। इसी तरह छात्र अंकित का कहना है कि सरकार की पहल अच्छी है।
कोरोना संकट के दौरान स्कूलों और कालेजों को बंद करना पड़ा था। इस समय आनलाइन पढ़ाई का दौर तेजी से सामने आया। उस समय बड़ी संख्या में छात्र ऐसे थे जिनके पास स्मार्ट फोन न तो था और न ही वह इंतजाम कर सकते थे। ऐसे में सरकार की यह योजना अब काफी कारगर महसूस हो रही है। एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना संकट में जरूरत महसूस हुई और सरकार ने अब यह योजना बनाई है। जल्द ही धरातल पर इसे लागू किया जाएगा।